डेढ़ सौ बसों तथा एक हजार से अधिक छोटी गाड़ियों से हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी मेघासर पहुंचेंगे - विधायक भाटी
कोलायत। 13 अगस्त - मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के 14 अगस्त को ग्राम मेघासर आगमन को लेकर कोलायत विधायक श्री अंशुमान सिंह भाटी पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने के उद्देश्य से विधायक भाटी पिछले कई दिनों से कोलायत विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव और ढाणी-ढाणी पहुंचकर आमजन एवं कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने दर्जनों गांवों में सभाएं करने के साथ कोलायत एवं बज्जू उपखंड क्षेत्र में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम आयोजित किए।
विधायक भाटी ने आमजन एवं कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने कोलायत विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए ढाई वर्षों में अभूतपूर्व बजट एवं अनेक विकास कार्यों की सौगात दी है। ऐसे में मुख्यमंत्री का मेघासर आगमन क्षेत्र की जनता के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। भाटी ने कहा कि यह केवल मुख्यमंत्री के स्वागत का कार्यक्रम नहीं, बल्कि कोलायत की जनता की ओर से विकास के लिए दिए गए सहयोग और सौगातों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करने का अवसर है।