नोखा । राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार नोखा शहर एवं देहात ब्लॉक कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को अंबेडकर सर्किल पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
जिला महासचिव मुरली गोदारा ने बताया कि दिल्ली में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं एवं युवाओं पर हुए लाठीचार्ज, पेपर लीक प्रकरण तथा छात्रों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा किए गए विरोध-प्रदर्शन के समर्थन में नोखा में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को शांतिपूर्ण धरने के दौरान हिरासत में लेना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। कांग्रेस इसकी कड़ी निंदा करती है और पेपर लीक मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफा देने की मांग करती है।
देहात ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामनिवास तरड़ ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। छात्रों और युवाओं की आवाज़ को दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों एवं युवाओं के न्याय की लड़ाई में सदैव उनके साथ खड़ी रहेगी।