पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाओं व बॉर्डर एरिया में धार्मिक स्थलों को तोड़ने के आदेश के खिलाफ 30 जून को जनसभा एवं प्रदर्शन करेंगे डोटासरा व जूली
बीकानेर, 28 जून 2026। पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर कांग्रेस के नेतृत्व में चलाया जा रहा ’’पीबीएम सुधारो जनआंदोलन’’ शनिवार को लगातार 18वें दिन भी जारी रहा।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविन्दसिंह डोटासरा और विधानसभा में नेताप्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बताया कि बॉर्डर इलाकों में हो रही कार्रवाई ‘‘ऑपरेशन बॉर्डर क्लीन’’ के जरिए बॉर्डर के पास के मंदिर और मस्जिदों को टारगेट किया जा रहा है, जिससे लोगों की आस्था को ठेस पहुंच रही है। पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाओं और बॉर्डर एरिया में धार्मिक स्थलों को तोड़ने के आदेश के खिलाफ 30 जून को जिला कलेक्ट्रेट बीकानेर पर डोटासरा व जूली जनसभा एवं प्रदर्शन करेंगे ।
कांग्रेस नेता आनंद जोशी ने बताया कि संघर्ष समिति की तरफ से एक एक अपील जारी कर पूरे बीकानेर से पीबीएम के धरने लिए समर्थन देने की अपील की थी जिसके तहत बीकानेर के विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक, धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर चल रहे जनआंदोलन को जनहित में अपना समर्थन दिया और अस्पताल की व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार की मांग की।