बीकानेर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष शंकर गौरा के बुधवार को पहली बार बीकानेर आगमन पर भाजयुमो कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जिला महामंत्री पंकज अग्रवाल की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने प्रदेशाध्यक्ष का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने साफा पहनाकर, पुष्प वर्षा कर, विशाल माला पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया। वहीं भाजयुमो प्रदेश महामंत्री आदित्य पुजारी का भी कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत एवं सम्मान किया गया।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष शंकर गौरा ने कहा कि बीकानेर के युवा कार्यकर्ताओं द्वारा जिस आत्मीयता और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया गया, वह सदैव स्मरण रहेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा देश की युवा शक्ति को संगठन से जोड़ने के साथ ही राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
गौरा ने कहा कि आज देश की युवा शक्ति भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी है। युवा कार्यकर्ताओं की ऊर्जा, मेहनत और संगठन के प्रति समर्पण के दम पर भारतीय जनता पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और अधिक से अधिक युवाओं को भाजपा की विचारधारा से जोड़ने का आह्वान किया।

