इमरान प्रतापगढ़ी का केक काटकर जन्मदिन धूमधाम से मनाया
बीकानेर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग ने आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को देहात कांग्रेस कार्यालय, बीकानेर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के उपाध्यक्ष एवं बीकानेर संभाग प्रभारी परमप्रीत सिंह बराड़ की अध्यक्षता में संभाग स्तरीय बैठक आयोजित हुई, जिसमें बीकानेर शहर, बीकानेर ग्रामीण, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के जिला अध्यक्षों, प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों ने भाग लिया।
बैठक में ब्लॉक कार्यकारिणी के गठन, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा आगामी निकाय एवं पंचायत चुनावों में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही अल्पसंख्यक समाज से कांग्रेस के निष्ठावान एवं जीतने योग्य इच्छुक उम्मीदवारों की पहचान कर उनके आवेदन प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग को भेजने पर भी मंथन हुआ।
संभाग प्रभारी परमप्रीत सिंह बराड़ ने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। सभी पदाधिकारी बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाएं और जीतने योग्य व समर्पित कार्यकर्ताओं के नाम समयबद्ध रूप से प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग को भेजना सुनिश्चित करें, ताकि आगामी निकाय एवं पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस मजबूती के साथ उतर सके।
बैठक के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी का जन्मदिन देहात कांग्रेस कार्यालय में केक काटकर उत्साहपूर्वक मनाया गया। उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल राजनीतिक जीवन की कामना करते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।