करोड़ों रुपये की लागत से नवनिर्मित मेडिसिन विंग तैयार होने के बावजूद शुरू नहीं
5 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो अस्पताल के बाहर होगा धरना-उग्र प्रदर्शन-बिशनाराम सियाग
बीकानेर। संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पीबीएम में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार, अव्यवस्थाओं और चिकित्सा सुविधाओं की बदहाली को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस नेता बिशनाराम सियाग की अगुवाई में अस्पताल अधीक्षक सहित अस्पताल प्रशासन के विरूद्ध सेंकडों कांग्रेसजनों ने सड़क पर विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। विस्तृत ज्ञापन सौंपने और अस्पताल अधीक्षक से वार्ता करने केलिए प्रदर्शनकारी नेता प्रशासनिक ब्लॉक में घुसने लगे तो पुलिस ने अन्दर नहीं जाने दिया गया गेट पर ही रोक लिया गया। इस दौरान पुलिस से धक्का मुक्की भी हुई। गुस्साए कांग्रेस नेताओँ और नेता बिशनाराम सियाग ज्ञापन फाड़ दिया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पीबीएम अस्पताल में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। वार्डों और शौचालयों में गंदगी के कारण मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं करोड़ों रुपये की लागत से नवनिर्मित मेडिसिन विंग तैयार होने के बावजूद शुरू नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाए गए हैं।
भर्ती से लेकर दवा खरीद तक भ्रष्टाचार के आरोप
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में सफाई कर्मी, वार्ड बॉय, सुरक्षाकर्मी और कैंटीन ठेकों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं और भ्र्ष्टाचार हो रहा है। नर्सिंग ऑफिसर भर्ती में बेरोजगार युवाओं से एक से ढाई लाख रुपये रिश्वत लेकर नियुक्तियां देने के आरोप भी ज्ञापन में लगाए गए हैं। साथ ही डॉक्टरों के फर्जी हस्ताक्षरों और मोहरों का उपयोग कर महंगी दवाओं की चोरी तथा फर्जी बिलों के जरिए भुगतान उठाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।