बीकानेर। नगर निकाय चुनाव को लेकर बीकानेर में सियासी हलचल लगातार तेज होती जा रही है। वार्डों में टिकट के दावेदार अपनी-अपनी मजबूत दावेदारी पेश करने में जुटे हैं। इसी बीच वार्ड 73 कांग्रेस के लिए खास चर्चा का केंद्र बन गया है, जहां पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला के भतीजे और कांग्रेस नेता महेंद्र कल्ला के साथ कांग्रेस नेता आनंद जोशी ‘दरबार’ ने भी टिकट के लिए ताल ठोक दी है।
वार्ड 73 से टिकट को लेकर दोनों नेताओं की सक्रियता ने स्थानीय कांग्रेस की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच अब यह सवाल उठने लगा है कि आखिर कांग्रेस नेतृत्व वार्ड 73 से किस चेहरे पर भरोसा करें और जनता के बीच किस दावेदार की पकड़ मजबूत है। दुविधा यह है कि टिकट कल्ला परिवार को दे या कांग्रेस के सिपाही को।
स्थानीय स्तर पर टिकट के लिए दावेदारी करने वाले नेताओं की सक्रियता से साफ है कि निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस के भीतर भी मुकाबला आसान नहीं रहने वाला। वार्ड 73 में महेंद्र कल्ला और आनंद जोशी ‘दरबार’ दोनों अपनी-अपनी राजनीतिक और सामाजिक सक्रियता के आधार पर दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं।
