जयपुर /बीकानेर। नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी में टिकटों की कवायद अब निर्णायक दौर में पहुंचती नजर आ रही है। इसी बीच बीकानेर नगर निगम में भाजपा के संभावित प्रत्याशियों के नामों वाली एक सूची सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। सूची में कई वार्डों के लिए दावेदारों के नाम सामने आए हैं। हालांकि, भाजपा की ओर से इस सूची की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, ऐसे में इसे फिलहाल पार्टी के भीतर चल रही संभावित चर्चा से जोड़कर देखा जा रहा है।
वायरल सूची सामने आने के बाद टिकट के दावेदारों और उनके समर्थकों में भी हलचल तेज हो गई है। खासतौर पर जिन वार्डों में दो-दो या तीन-तीन नाम सामने आए हैं, वहां अंतिम फैसला किसके पक्ष में जाता है, इसे लेकर राजनीतिक चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं।
इन वार्डों के नाम चर्चा में-वायरल सूची के मुताबिक वार्ड 2 से दीपक व्यास, वार्ड 9 से विनोद धवल, वार्ड 14 से सुशीला राजपुरोहित, वार्ड 24 से मुकेश पंवार, वार्ड 28 से मधु सुराणा, वार्ड 32 से भूपेंद्र शर्मा और वार्ड 37 से श्याम सिंह हाड़ला के नाम बताए जा रहे हैं।
