नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रविवार को भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव में शामिल हुईं। यह आयोजन राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 गौरवशाली वर्ष पूरे होने तथा नादप्रभु केम्पेगौड़ा फाउंडेशन की स्थापना के 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के महत्व और बेंगलुरु के संस्थापक नादप्रभु केम्पेगौड़ा के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ देश की राष्ट्रीय चेतना, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है। वहीं, नादप्रभु केम्पेगौड़ा का दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन और जनकल्याण के प्रति समर्पण आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन राष्ट्रभक्ति की भावना और जनकल्याण की परंपरा का सुंदर संगम है। ऐसे कार्यक्रम देश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने के साथ ही विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिए सभी आयोजकों को साधुवाद दिया।
