प्रत्येक सोमवार को निरंतर चलेगा कार्यक्रम : डॉ. तरुणा स्वामी
बीकानेर। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग द्वारा पीबीएम अस्पताल के नर्सिंग अधिकारियों के लिए इन्फेक्शन कंट्रोल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेन्द्र कुमार के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम चरण में विभिन्न विभागों के 32 नर्सिंग अधिकारियों को संक्रमण नियंत्रण से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी प्रदान की गई।
माइक्रोबायोलॉजी विभाग अध्यक्ष डॉ तरुणा स्वामी ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रत्येक सोमवार को निरंतर आयोजित कर पीबीएम के पूरे नर्सिंग स्टाफ को प्रशिक्षित किया जाएगा। माइक्रोबायोलॉजी विभाग के सेमिनार कक्ष में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य अस्पताल में संक्रमण की रोकथाम, मरीजों की सुरक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। प्रशिक्षण में विशेष रूप से आईसीयू, लेबर रूम और ऑपरेशन थिएटर में कार्यरत नर्सिंग स्टाफ को प्राथमिकता दी जा रही है।