बीकानेर, 26 जुलाई 2026। अखिल भारतवर्षीय श्रीमाली ब्राह्मण सेवा संस्था, पुष्कर के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र बोहरा का रविवार को बीकानेर आगमन पर समाज के लोगों ने भव्य स्वागत किया। बेणीसर बारी के बाहर स्थित श्री महालक्ष्मी जी मंदिर में आयोजित स्वागत समारोह में स्थानीय श्रीमाली समाज के लोगों, समाजसेवी संगठनों और गणमान्य नागरिकों ने फूल-मालाएं पहनाकर एवं साफा बांधकर उनका अभिनंदन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र बोहरा ने संस्था द्वारा देशभर में संचालित सामाजिक, शैक्षणिक एवं सेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा, संगठन और सेवा भाव को प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी पर बल देते हुए समाज को संगठित होकर जनकल्याणकारी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद परिवारों की सहायता, विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहन तथा सामाजिक एकता को मजबूत करना है। इसके लिए विभिन्न राज्यों में निरंतर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।