इस दौरान जिला कलेक्टर ने कहा कि नगर निगम, आमजन को ऑनलाइन सर्विसेज की समयबद्ध डिलीवरी करे। इन कार्यों में बेवजह देरी नहीं हो। उन्होंने निगम के आय स्रोतों की समीक्षा की तथा इनमें वृद्धि करने के निर्देश दिए। बजट घोषणाओं की समीक्षा करते हुए इन्हें समय पर पूर्ण करने के लिए कहा। शहरी क्षेत्र में ई-बस संचालन से पूर्व बसों के रूट तय करने, आधारभूत सुविधाओं के विकास, मैनपॉवर नियोजन और फेरों का निर्धारण सहित सभी प्रारम्भिक तैयारियों के लिए निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण से पूर्व शहरी क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद किया जाए। पुराने शहर में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर के प्रमुख मार्गों पर आकर्षक वॉल पेंटिंग करवाने, चौराहों, उद्यानों और सर्कल्स का सौंदर्यकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संस्थाओं में स्वच्छता के प्रति जागरूकता के मध्यनजर सघन अभियान चलाने के लिए निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता को जन मुहिम बनाने के प्रयास किए जाएं। जिला कलेक्टर ने कहा कि फायर वर्क्स और स्वच्छता कर्मियों के हितों और संसाधनों के प्रति अतिरिक्त संवेदनशीलता रखी जाए तथा यह सुनिश्चित करें कि इन्हें किसी प्रकार के संसाधनों की कमी नहीं रहे।