सरकार पर बरसे बिशनाराम सियाग, आंदोलन की दी चेतावनी
श्रीडूंगरगढ, बीकानेर ।श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में भीषण गर्मी, लगातार बढ़ती बिजली कटौती, गहराते पेयजल संकट और नीट पेपर लीक मामले को लेकर मंगलवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी श्रीडूंगरगढ़, सूडसर एवं नगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में उपखंड मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और युवाओं ने राज्य व केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व धर्मेन्द्र प्रधान का पुतला दहन कर आक्रोश जताया।
इसके बाद उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आमजन और विद्यार्थियों के हित में तत्काल प्रभाव से ठोस कार्रवाई करने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही बिजली, पानी और युवाओं से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी आमजन और विद्यार्थियों को साथ लेकर आंदोलन को और उग्र करेगी तथा सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।