विकास कार्यों का लिया जायजा, मिशन सरहद संवाद के तहत रात्रि चौपाल में सुनी समस्याएं
बीकानेर, 2 जून। जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन तथा पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा मंगलवार को खाजूवाला के सरहदी क्षेत्र के दौरे पर रहे। उन्होंने दो केडब्ल्यूएम में विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा 34 केवाईडी में मिशन सरहद संवाद के तहत आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। बीएसएफ की चौकी के अवलोकन के पश्चात वे रात्रि विश्राम के लिए सरहदी क्षेत्र में ही रुके।
जिला कलेक्टर ने दो केडब्ल्यूएम में बने सार्वजनिक उद्यान, खेल मैदान, विद्यालय में बने शेड तथा भ्रमण पथ का अवलोकन किया। यहां प्रगतिरत विकास कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों से आवश्यक फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सभी आधारभूत सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। उपखंड अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को सीमांत क्षेत्रों का नियमित दौरा करने और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए।