पीबीएम सुधारो जनआंदोलन” मंगलवार को तेरहवें दिन भी जारी रहा
नेता अपने हाथों में थाली-कटोरा लेकर पहुंचे कलेक्ट्रेट कहा-शारदा को न्याय दो, दोषियों को सजा दो
बीकानेर, 23 जून 2026। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाया जा रहा “पीबीएम सुधारो जनआंदोलन” मंगलवार को तेरहवें दिन भी जारी रहा। पीबीएम अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर चल रहे धरने के दौरान ही दोपहर में कांग्रेस ने मोर्चरी से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च कर, हाथ में थाली-कटोरा लेकर प्रदर्शन करते हुए “शारदा को न्याय दो” के नारे लगाते हुए कलेक्ट्रेट के आगे कटोरे रख कर न्याय की भीख मांगी। दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमें पुलिस ने कार्यालय के नीचे ही रोक दिया जबकि हम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपना चाहते थे। मजबूर होकर न्याय की गुहार का प्रतीक भीख का कटोरा जिला कलेक्टर कार्यालय की सीढ़ियों पर पुलिस के कदमों में रखना पड़ा, लेकिन सत्ता और प्रशासन की संवेदनहीनता फिर भी नहीं पिघली। प्रशासन संवाद तक करने को तैयार न हो, तो यह केवल एक परिवार की पीड़ा नहीं बल्कि शासन-प्रशासन की विफलता का प्रमाण है।