मुख्य सामग्री पर जाएं
ब्रेकिंग

Bikaner : नगरीय निकाय चुनाव-2026 : गुरुवार से नामांकन शुरू, 31 अगस्त तक जमा होंगे नामांकन

प्रत्याशी 31 अगस्त तक निर्धारित समय में अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे

लेखक Administratorसंपादन: Piyush purohit

अपडेट:

बीकानेर, 26 अगस्त। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर बीकानेर जिले में चुनावी प्रक्रिया अब तेज हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार, 27 अगस्त को लोकसूचना…

शेयर करें
Bikaner : नगरीय निकाय चुनाव-2026 : गुरुवार से नामांकन शुरू, 31 अगस्त तक जमा होंगे नामांकन

बीकानेर, 26 अगस्त। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर बीकानेर जिले में चुनावी प्रक्रिया अब तेज हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार, 27 अगस्त को लोकसूचना जारी होने के साथ ही नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। प्रत्याशी 31 अगस्त तक निर्धारित समय में अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को होगी, जबकि नाम निर्देशन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर निर्धारित की गई है। इस दिन दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। चुनाव चिन्हों का आवंटन 4 सितंबर को किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन ने बताया कि नामांकन पत्र जमा कराने के लिए जिले के विभिन्न नगरीय निकायों में वार्डवार अलग-अलग नाम निर्देशन केंद्र निर्धारित किए गए हैं। नगर निगम बीकानेर के वार्ड संख्या 1 से 20 के लिए नामांकन अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) कार्यालय, वार्ड 21 से 35 के लिए बीकानेर विकास प्राधिकरण के नए भवन, वार्ड 36 से 50 के लिए बीकानेर विकास प्राधिकरण के पुराने भवन, वार्ड 51 से 65 के लिए तहसील कार्यालय तथा वार्ड 66 से 80 के लिए सहायक कलेक्टर (शहर) कार्यालय में जमा किए जाएंगे।

इसी प्रकार नगर पालिका नोखा में वार्ड 1 से 25 के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट कार्यालय नोखा तथा वार्ड 26 से 45 के लिए तहसील कार्यालय नोखा को नाम निर्देशन केंद्र बनाया गया है। श्रीडूंगरगढ़ में वार्ड 1 से 20 के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट कार्यालय और वार्ड 21 से 40 के लिए तहसील कार्यालय में नामांकन होंगे।

लूणकरणसर नगरपालिका में वार्ड 1 से 20 के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट कार्यालय तथा वार्ड 21 से 35 के लिए तहसील कार्यालय में नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए जाएंगे। वहीं देशनोक नगरपालिका के वार्ड 1 से 25 के लिए नगर पालिका कार्यालय देशनोक, नापासर के वार्ड 1 से 25 के लिए नगर पालिका कार्यालय नापासर और खाजूवाला के वार्ड 1 से 20 के लिए उपखण्ड कार्यालय में नामांकन प्रक्रिया संपादित होगी।

10.30 से 3 बजे तक जमा होंगे नामांकन-राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नाम निर्देशन पत्र 27 अगस्त से 31 अगस्त तक प्रातः 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्राप्त किए जाएंगे। इस अवधि में 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त को रविवार का अवकाश रहेगा। ऐसे में प्रत्याशियों को नामांकन की निर्धारित तिथियों और समय का विशेष ध्यान रखना होगा।

दो चरणों में होगा मतदान

नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत बीकानेर जिले में मतदान दो चरणों में कराया जाएगा। पहले चरण में बीकानेर नगर निगम के लिए 9 सितंबर को मतदान होगा। इसके बाद दूसरे चरण में नोखा, श्रीडूंगरगढ़, देशनोक, नापासर, खाजूवाला और लूणकरणसर नगर पालिकाओं में 11 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।

चुनाव को लेकर जिले में कुल 656 मतदान केंद्र और 31 सहायक मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही नगरीय निकाय क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां और प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ने की संभावना है। विभिन्न दलों के संभावित उम्मीदवारों के साथ-साथ निर्दलीय दावेदार भी नामांकन की तैयारियों में जुट गए हैं। अब सभी की नजरें नामांकन प्रक्रिया, नाम वापसी और 4 सितंबर को होने वाले चुनाव चिन्ह आवंटन पर रहेंगी।

स्रोत: press note

विषय:#Bikaner
शेयर करें

टिप्पणियां

0 / 1200

टिप्पणियां प्रकाशन के 30 दिन बाद बंद हो जाती हैं।

संबंधित खबरें