बीकानेर। जिला परिषद बीकानेर के उप जिला प्रमुख पद के चुनाव को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में दो प्रत्याशी रह गए हैं। किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया। अब कांग्रेस और भाजपा के बीच उप जिला प्रमुख पद के लिए सीधा मुकाबला होगा।
निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से मदन लाल ने नामांकन दाखिल किया है, जबकि भारतीय जनता पार्टी की ओर से मांगीलाल चुनाव मैदान में हैं। मदन लाल का चुनाव चिह्न हाथ और मांगीलाल का चुनाव चिह्न कमल है।
उल्लेखनीय है कि जिला परिषद में कांग्रेस के पास बहुमत है, लेकिन जिला प्रमुख के चुनाव के दौरान पार्टी में सामने आई अंदरूनी खींचतान ने राजनीतिक समीकरणों को चर्चा में ला दिया था। जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी निकिता डूडी को 23 और कांग्रेस की बागी निर्दलीय प्रत्याशी सरिता चौहान को 18 वोट मिले थे। भाजपा ने उस चुनाव में अपना प्रत्याशी नहीं उतारते हुए सरिता चौहान के पक्ष में अपने 8 वोट किए थे।
अब उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। मतदान दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगा।
