बीकानेर, 19 नवंबर। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए चारों चरणों में हुए मतदान के बाद मतगणना शुक्रवार को प्रातः 8 बजे से राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में होगी। मतगणना के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
रूणिया, कोलायत, बीठनोक, बज्जू, हदां एवं श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति क्षेत्रों की मतगणना महाविद्यालय के भूतल तथा शेष पंचायत समिति क्षेत्रों की मतगणना प्रथम तल पर निर्धारित कक्षों में की जाएगी। मतगणना के लिए कुल 171 टेबलें लगाई जाएंगी। प्रत्येक टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक एवं दो-दो गणना सहायक नियुक्त किए जाएंगे।
