बीकानेर। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर जिले में बुधवार को बड़ी कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने बीछवाल क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में कार्रवाई करते हुए 1,439 किलोग्राम काजू सीज किया। काजू के लेबल में कमियां पाए जाने पर उसका नमूना लेने के बाद पूरी खेप को सीज किया गया।
अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बीकानेर डॉ. पुखराज साध ने बताया कि कार्रवाई के दौरान जयपुर से आए केंद्रीय दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित शर्मा के साथ जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा एवं भानू प्रताप सिंह गहलोत मौजूद रहे। टीम ने बीछवाल स्थित मैसर्स वीआरएल लॉजिस्टिक के गोदाम में प्राप्ति ब्रांड के काजू की जांच की।
जांच के दौरान काजू के लेबल में आवश्यक जानकारी में कमी पाए जाने पर अधिकारियों ने नियमानुसार उसका नमूना लिया और 1,439 किलो काजू की पूरी मात्रा सीज कर दी। अधिकारियों के अनुसार उक्त काजू की खेप फड़ बाजार स्थित मैसर्स गोपी किशन सुरेश कुमार द्वारा मंगवाई गई थी।
