
मुख्यमंत्री श भजनलाल शर्मा ने ट्वीट कर दी जानकारी
जयपुर, 7 अप्रैल। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 21 अप्रैल को बालोतरा के पचपदरा में रिफाइनरी का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने X हैंडल पर जानकारी देते हुए लिखा कि यह गर्व का विषय है कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी आगामी 21 अप्रैल को पचपदरा रिफाइनरी के लोकार्पण हेतु वीरधरा राजस्थान पधार रहे हैं।
श्री शर्मा ने लिखा कि यह रिफाइनरी मारवाड़ सहित पूरे राजस्थान के आर्थिक कायाकल्प और युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलने वाली ‘भाग्यरेखा’ सिद्ध होगी। राजस्थान की समस्त जनता की ओर से प्रधानमंत्री का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है ।
2018 में प्रधानमंत्री मोदी ने रखी थी नींव
रिफाइनरी की आधारशिला वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा रखी गई थी। परियोजना अब पूर्णता की ओर है और इसका उत्पादन जल्द शुरू होने वाला है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिल्ली दौरे के दौरान पीएमओ से इस कार्यक्रम की मंजूरी ली, जिसके बाद उन्होंने यह घोषणा की।
यह दो महीने में प्रधानमंत्री का राजस्थान का दूसरा दौरा होगा।राजस्थान सरकार इस लोकार्पण को राज्य के लिए एक ऐतिहासिक अवसर मान रही है, जो औद्योगिक कायाकल्प, युवा रोजगार और ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को मजबूत करेगा।
रिफाइनरी की मुख्य बातें:
- यह 9 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष (9 MMTPA) क्षमता वाली रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स है।
- अनुमानित लागत लगभग ₹79,000 से 79,459 करोड़ रुपये है (कुछ रिपोर्ट्स में पहले ₹43,129 करोड़ का उल्लेख था, लेकिन कुल प्रोजेक्ट कॉस्ट बढ़कर साढ़े 79 हजार करोड़ के आसपास पहुंच गई)।
- यह HPCL Rajasthan Refinery Limited (HRRL) का संयुक्त उद्यम है, जिसमें हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) और राजस्थान सरकार की भागीदारी है।
- रिफाइनरी BS-6 ग्रेड पेट्रोल, डीजल और पेट्रोकेमिकल्स का उत्पादन करेगी, जो ऊर्जा सुरक्षा, औद्योगिक विकास और आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देगी।
- परियोजना मारवाड़ क्षेत्र (बाड़मेर-बालोतरा) में स्थित है और इसे राजस्थान के आर्थिक विकास की ‘लाइफलाइन’ या ‘भाग्यरेखा’ माना जा रहा है। इससे बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार सृजन होने की उम्मीद है, साथ ही डाउनस्ट्रीम इंडस्ट्रीज को बढ़ावा मिलेगा।