श्रीकोलायत (बीकानेर ): खारवाला माइनर में पानी की बारी पांच दिन बीत जाने के बावजूद नहर के अंतिम छोर (टेल) तक पानी नहीं पहुंच पाया है। इससे किसानों की बुवाई की निर्णायक बारी छूट गई है, जिससे क्षेत्र के किसानों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
बीकानेर देहात कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष श्याम सिंह भाटी बरसलपुर ने इस मामले को गंभीरता से उठाते हुए सिंचाई विभाग के सक्षम अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसानों की पानी बारी की पूर्ति सुनिश्चित की जाए और नहर के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाया जाए।
श्याम सिंह भाटी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते किसानों की इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसान आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
स्थानीय किसान बताते हैं कि खारवाला माइनर के तीन चको में अभी भी पानी नहीं पहुंचा है, जिसके कारण खरीफ फसल की बुवाई प्रभावित हो रही है। किसानों का कहना है कि हर साल इसी तरह की समस्या आती है, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती।