
ग्रामीण सेवा (फॉलोअप) शिविर-2026
बीकानेर, 23 जुलाई। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित किए जा रहे ग्रामीण सेवा (फॉलोअप) शिविर-2026 आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। इन्हीं शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इसी क्रम में पंचायत समिति पूगल की ग्राम पंचायत 2 एडीएम में गुरुवार को आयोजित शिविर में खाता विभाजन संबंधी प्रकरण का मौके पर ही निस्तारण कर प्रार्थियों को तत्काल राहत प्रदान की गई।
प्रार्थी सतपाल सिंह, सुखदेव सिंह पुत्र गुरुनाम सिंह तथा हरदीप सिंह पुत्र सुखदेव सिंह ने चक 5 पीबी (बी) स्थित कुल 5.2856 हेक्टेयर भूमि के सहमति से खाता विभाजन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। शिविर प्रभारी तहसीलदार (भू-अभिलेख) दौलाराम बाजिया ने प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेते हुए हल्का पटवारी एवं भू-अभिलेख निरीक्षक से रिपोर्ट प्राप्त करवाई। इसके आधार पर विभाजन प्रस्ताव तैयार कर मौके पर ही सहमति से खाता विभाजन का आदेश जारी किया गया।
खाता विभाजन की कार्रवाई पूर्ण होने के साथ ही राजस्व अभिलेखों में आवश्यक प्रविष्टियां दर्ज की गईं, जिससे प्रार्थियों को तत्काल राहत मिली। समयबद्ध निस्तारण से काश्तकारों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार की इस पहल की सराहना की।
प्रार्थियों ने उपखंड अधिकारी दिव्या बिश्नोई, शिविर प्रभारी तहसीलदार (भू-अभिलेख) दौलाराम बाजिया, सहप्रभारी एवं सहायक विकास अधिकारी विजय सिंह प्रजापत तथा शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।