नई दिल्ली/जयपुर । राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश (एक्टिंग चीफ जस्टिस) न्यायमूर्ति संजीव प्रकाश शर्मा के कामकाज को लेकर सुप्रीम कोर्ट के जज न्यायमूर्ति संदीप मेहता ने गंभीर सवाल उठाए हैं। जस्टिस मेहता ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत को 2, 10 और 17 अगस्त 2026 को तीन पत्र लिखकर राजस्थान हाईकोर्ट में तत्काल किसी अन्य हाईकोर्ट से नियमित मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने और न्यायमूर्ति एसपी शर्मा को राजस्थान से बाहर स्थानांतरित करने का आग्रह किया है।
प्रशासनिक शक्तियों के दुरुपयोग का आरोप
जस्टिस मेहता ने अपने पत्रों में आरोप लगाया है कि कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति शर्मा द्वारा प्रशासनिक शक्तियों का कथित तौर पर दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने केसों की लिस्टिंग में कथित हेरफेर, चुनिंदा मामलों को विशेष पीठ के समक्ष भेजने तथा प्रभावशाली या संपन्न पक्षकारों को लाभ पहुंचाने जैसी गंभीर आशंकाएं जताई हैं। पत्रों में कथित कुप्रशासन, पक्षपात और प्रशासनिक अनियमितताओं का भी उल्लेख किया गया है।
