मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में 8 से 25 दिसंबर तक विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शासन सचिवालय में सचिवों की समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए इन आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट को प्रमुख आयोजनों में से एक बताया और कहा कि इस बार युवाओं के लिए नई गतिविधियां और प्रतिभा खोज प्रतियोगिताएं भी शामिल की गई हैं। जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी में प्रस्तावित तीन दिवसीय एग्रीटेक मीट में कृषि निवेश, बागवानी, मोटे अनाज, खेती की नई तकनीकों और जल संरक्षण पर चर्चा होगी।
प्रमुख आयोजन और शिविर
प्रस्तावित कार्यक्रमों में राज्य स्तरीय रोजगार उत्सव एवं कौशल मेला, नारी शक्ति सम्मेलन और राष्ट्रीय सरस मेला शामिल हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सभी जिलों में शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा शेखावाटी हेरिटेज मीट, प्रवासी राजस्थानी दिवस, जैसलमेर में पर्यटन सम्मेलन और लोक कला उत्सव का शुभारंभ भी प्रस्तावित है। श्रृंखला के तहत 25 दिसंबर को सुशासन दिवस मनाया जाएगा।
