चूरू जिले में पंचायती राज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के तहत मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस चरण में 231 ग्राम पंचायतों के 696 मतदान केंद्रों पर 14 और 16 नवंबर 2026 को मतदान कराया जाएगा।
जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा के अनुसार, चतुर्थ चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 14 नवंबर को मतदान होगा। वहीं, पंच एवं सरपंच पद के लिए 16 नवंबर 2026 को वोट डाले जाएंगे। इस चरण में कुल 6,40,195 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 3,29,702 पुरुष, 3,10,490 महिलाएं और 3 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
मतदान दल और मतदान केंद्र
चतुर्थ चरण के अंतर्गत सुजानगढ़, तारानगर पूर्व, तारानगर पश्चिम (भालेरी), रतनगढ़, चूरू और चूरू उत्तर पंचायत समितियां आती हैं। इन क्षेत्रों में कुल 114 पंचायत समिति वार्ड और 2001 ग्राम पंचायत वार्ड हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 13 नवंबर को अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को चार निर्धारित केंद्रों से रवाना किया जाएगा।
