जयपुर, 4 नवंबर। पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा सतत जीवनशैली को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से प्रदेश में आयोजित किए जा रहे ‘ब्रिक्स सतत लाइफ स्टाइल वीक’ के चौथे दिन बुधवार को ‘एडॉप्ट सस्टेनेबल फूड सिस्टम्स’ थीम के तहत प्रदेशभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को पौष्टिक एवं स्थानीय खाद्य पदार्थों को अपनाने, मोटे अनाज और पारंपरिक खाद्यान्नों के उपयोग को बढ़ावा देने, भोजन की बर्बादी रोकने तथा पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य खाद्य उत्पादन से लेकर उपभोग तक की पूरी प्रक्रिया को अधिक टिकाऊ, जिम्मेदार और पर्यावरण अनुकूल बनाने के प्रति जन-जागरूकता विकसित करना रहा।
प्रदेशव्यापी कार्यक्रमों के आयोजन में कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की सक्रिय भूमिका रही।