- नशा मुक्त अभियान, टीबी मुक्त अभियान एवं शिक्षा विभाग की योजनाओं की प्रगति पर रहा फोकस
- “पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करें”—राज्यपाल श्री बागडे
जयपुर/कोटपूतली-बहरोड़, 27 अक्टूबर। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने मंगलवार को नीमराणा में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों, विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा की। बैठक में कृषि, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा तथा नशामुक्ति एवं टीबी मुक्त अभियान सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
नशामुक्त भारत अभियान की समीक्षा के दौरान राज्यपाल श्री बागडे ने नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों को समन्वित कार्रवाई करने तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने और नशामुक्ति के प्रयासों में जनभागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा की प्रत्येक गांव-गांव जाकर नशा मुक्त अभियान को प्रभावी बनायें, निगरानी को सख्त करें, कार्यवाही तेज करने के निर्देश दिए।
