Skip to content
BREAKING

राज्यपाल श्री बागडे ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ की विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा

Updated:

नशा मुक्त अभियान, टीबी मुक्त अभियान एवं शिक्षा विभाग की योजनाओं की प्रगति पर रहा फोकस

राज्यपाल श्री बागडे ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ की विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा
— सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान
  • नशा मुक्त अभियान, टीबी मुक्त अभियान एवं शिक्षा विभाग की योजनाओं की प्रगति पर रहा फोकस
  • “पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करें”—राज्यपाल श्री बागडे

जयपुर/कोटपूतली-बहरोड़, 27 अक्टूबर। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने मंगलवार को नीमराणा में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों, विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा की। बैठक में कृषि, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा तथा नशामुक्ति एवं टीबी मुक्त अभियान सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

नशामुक्त भारत अभियान की समीक्षा के दौरान राज्यपाल श्री बागडे ने नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों को समन्वित कार्रवाई करने तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने और नशामुक्ति के प्रयासों में जनभागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा की प्रत्येक गांव-गांव जाकर नशा मुक्त अभियान को प्रभावी बनायें, निगरानी को सख्त करें, कार्यवाही तेज करने के निर्देश दिए।

श्री बागडे ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत रोगियों की समय पर पहचान, नियमित उपचार तथा पात्र मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने एवं टीबी मुक्त अभियान को और अधिक प्रभावी रूप संचालित कर आमजन को ज़मीनी स्तर पर लाभ पहुँचाने में निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और आमजन को विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जागरूक करने पर भी बल दिया।

शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए राज्यपाल ने शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए उपचारात्मक कक्षाओं की व्यवस्था पर जोर दिया। उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों को बेहतर करने के लिए शिक्षकों एवं अभिभावकों के समन्वित प्रयासों और विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जिससे कि जिले के विद्यार्थी भी नीट-यू जी, जेईई एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़े।

इस दौरान उन्होंने कृषि विभाग, किसानों को उर्वरकों की समयबद्ध उपलब्धता, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रभावी प्रयास करने पर जोर दिया। साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं पालनहार योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में पात्र व्यक्तियों तक लाभ पहुंचाने और प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने पर बल दिया। उन्होंने वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंद परिवारों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

राज्यपाल श्री बागडे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान, लंबित प्रकरणों के निस्तारण तथा विभागीय कार्यों की नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे और जिले के विकास को गति मिले।

डॉ. राजेश व्यास/रवीन्द्र

स्रोत: Times of Rajasthan

Source: Times of Rajasthan

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News