
जयपुर, 23 नवंबर। राजस्थान में बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में राजस्थान पुलिस एवं स्कूल शिक्षा विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। प्रदेश की 23.32 लाख बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने के लिए सोमवार को राजस्थान पुलिस और स्कूल शिक्षा विभाग के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) संपन्न हुआ। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में राजस्थान पुलिस की ओर से एडीजी कम्युनिटी पुलिसिंग श्रीमती लता मनोज कुमार तथा शिक्षा विभाग की ओर से राज्य परियोजना निदेशक, राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद डॉ. रश्मि शर्मा ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
इस पहल के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रदेश के 36,765 राजकीय विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक अध्ययनरत बालिकाओं को रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से सशक्त बनाते हुए उनमें आत्मविश्वास और आत्मरक्षा की क्षमता विकसित करना है, ताकि वे घर, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।
