राजस्थान सरकार सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, चूरू ---- किराए पर रहने वाले छात्रों को राज्य सरकार हर माह देगी 2000 रुपए, ऑनलाईन आवेदन 30 नवंबर तक
चूरू, 31 अक्टूबर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना के तहत ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं एवं 30 नवंबर, 2026 तक आवेदन किए जा सकते हैं।
एसजेईडी डीडी केके चंद्रवंशी ने बताया कि अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना के तहत राज्य के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछडा वर्ग, अति पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर जिला स्तरीय राजकीय महाविद्यालय (कॉलेज) में शैक्षणिक पाठ्यक्रम (एकेडमिक कोर्स) में नियमित अध्ययनरत छात्र, जो कि अध्ययन के लिए अपने घर से दूर दूसरे शहर में किराए के घर में रहते हैं, उनको राज्य सरकार की ओर से हर साल पुनर्भरण राशि के रूप में रुपए बीस हजार प्रदान किये जाएंगे। पात्र अभ्यर्थी को प्रत्येक शैक्षणिक वर्ष में 2000 रुपए प्रतिमाह अधिकतम दस माह के लिए प्रदान किए जाएंगे और योजना का लाभ एक अभ्यर्थी अधिकतम पांच वर्षों के लिए ही प्राप्त कर सकता है।