मुख्य सामग्री पर जाएं
ब्रेकिंग

राजस्थान क्रिकेट संघ के चुनाव का बिगुल, 29 सितंबर को होगा मतदान

7 सितंबर से शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया, 23 को अंतिम मतदाता सूची; 24 सितंबर को नामांकन

लेखक Piyush purohit

अपडेट:

जयपुर। राजस्थान क्रिकेट संघ (RCA) में लंबे समय से चल रही चुनावी अनिश्चितता अब खत्म होती नजर आ रही है। राजस्थान हाईकोर्ट के समक्ष पेश किए गए चुनाव कार्यक्रम के अनुसार आरसीए के…

शेयर करें
Read in English
राजस्थान क्रिकेट संघ के चुनाव का बिगुल, 29 सितंबर को होगा मतदान

जयपुर। राजस्थान क्रिकेट संघ (RCA) में लंबे समय से चल रही चुनावी अनिश्चितता अब खत्म होती नजर आ रही है। राजस्थान हाईकोर्ट के समक्ष पेश किए गए चुनाव कार्यक्रम के अनुसार आरसीए के चुनाव 29 सितंबर 2026 को होंगे। यदि मतदान की आवश्यकता पड़ती है तो इसी दिन वोटिंग के बाद मतगणना कर परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे।

चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत 7 सितंबर से होगी। इसी दिन चुनाव कार्यक्रम और जनरल मीटिंग का नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद 12 से 16 सितंबर तक मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इन आपत्तियों पर 16 से 21 सितंबर तक निर्वाचन अधिकारी सुनवाई करेंगे। इसके बाद 23 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

24 सितंबर को नामांकन, 28 तक नाम वापसी

चुनावी कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवार 24 सितंबर को नामांकन दाखिल करेंगे। अगले दिन यानी 25 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और पात्र उम्मीदवारों की सूची भी जारी की जाएगी। उम्मीदवारों के पास 28 सितंबर तक नाम वापस लेने का मौका रहेगा। यदि मुकाबला हुआ तो 29 सितंबर को मतदान कराया जाएगा।

लंबे इंतजार के बाद चुनाव की राह साफ

आरसीए के चुनाव लंबे समय से विवाद और प्रशासनिक प्रक्रिया के कारण अटके हुए थे। चुनाव नहीं होने के कारण संघ का संचालन प्रशासक के माध्यम से किया जा रहा था। हाईकोर्ट की निगरानी में चुनाव कार्यक्रम सामने आने के बाद अब आरसीए को निर्वाचित प्रबंधन मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। चुनाव के लिए ए.के. पांडे को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि आरसीए प्रशासक भास्कर ए. सावंत की ओर से चुनाव कार्यक्रम अदालत के समक्ष पेश किया गया।

अब तेज होगी क्रिकेट की सियासत

चुनाव की तारीख तय होने के साथ ही राजस्थान क्रिकेट की राजनीति में भी हलचल तेज होने की संभावना है। अध्यक्ष और अन्य पदों के दावेदारों को लेकर अंदरखाने जोड़-तोड़ और समर्थकों की लामबंदी का दौर शुरू हो सकता है। 29 सितंबर का चुनाव यह तय करेगा कि आने वाले समय में राजस्थान क्रिकेट संघ की कमान किसके हाथों में होगी।

चुनावी कार्यक्रम -

7 सितंबर: चुनाव नोटिस जारी

12-16 सितंबर: मतदाता सूची पर आपत्तियां

16-21 सितंबर: आपत्तियों की सुनवाई

23 सितंबर: अंतिम मतदाता सूची

24 सितंबर: नामांकन

25 सितंबर: नामांकन पत्रों की जांच

28 सितंबर: नाम वापसी की अंतिम तारीख

29 सितंबर: आवश्यकता होने पर मतदान और इसी दिन परिणाम

स्रोत: NSI MEDIA

विषय:#Rajasthan#sports
शेयर करें

टिप्पणियां

0 / 1200

टिप्पणियां प्रकाशन के 30 दिन बाद बंद हो जाती हैं।

संबंधित खबरें