जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर एक बार फिर पोलो के रंग में रंगने जा रही है। राजस्थान पोलो क्लब की ओर से आयोजित वार्षिक सितंबर पोलो सीजन-2026 का आगाज मंगलवार, 1 सितंबर से होगा। करीब दो महीने तक चलने वाला यह प्रतिष्ठित पोलो सीजन 25 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इस दौरान जयपुर के पोलो मैदान पर देश-विदेश के नामी खिलाड़ी, घुड़सवार और पोलो प्रेमी जुटेंगे।
इस बार रात में भी दिखेगा पोलो का रोमांच-इस साल के पोलो सीजन की सबसे खास बात रात्रिकालीन मुकाबले होंगे। राजस्थान पोलो क्लब ने मैदान में फ्लडलाइट्स स्थापित कर दी हैं। इसके चलते कुछ टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले और प्रदर्शनी मैच रात में फ्लडलाइट की रोशनी में खेले जाएंगे। घोड़ों की तेज रफ्तार, खिलाड़ियों की रणनीति और रोशनी से जगमगाता मैदान दर्शकों के लिए पोलो का बिल्कुल नया अनुभव पेश करेगा।
