जयपुर। गुलाबी नगरी एक बार फिर घोड़ों की टाप और पोलो के रोमांच से गूंज उठी है। राजस्थान पोलो क्लब की ओर से आयोजित वार्षिक सितंबर पोलो सीजन 2026 का शानदार आगाज हुआ। शुरुआती मुकाबले में टीम जयपुर ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए रामबागन मेफेयर पोलो टीम को 7-3 से मात दी। मुकाबले के सबसे बड़े स्टार जयपुर टीम के पद्मनाभ सिंह रहे, जिन्होंने टीम के सभी सात गोल खुद दागकर शानदार प्रदर्शन किया।
पद्मनाभ सिंह के सात गोल से छाई टीम जयपुर-मुकाबले की शुरुआत से ही टीम जयपुर ने आक्रामक अंदाज अपनाया। पद्मनाभ सिंह ने शानदार राइडिंग और सटीक शॉट्स के दम पर विपक्षी टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा। उन्होंने अकेले सात गोल कर टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई।
रामबाग मेफेयर की टीम ने वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन टीम जयपुर के मजबूत खेल के सामने वह ज्यादा देर तक मुकाबले में नहीं टिक सकी। अंत में जयपुर ने 7-3 के अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
