कोलंबो। भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे और अंतिम टेस्ट के दूसरे दिन टीम इंडिया ने मुकाबले पर अपनी पकड़ बेहद मजबूत कर ली। बारिश से प्रभावित दिन में भारत ने पहली पारी 503 रन पर 9 विकेट के नुकसान पर घोषित कर दी। जवाब में श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही और दिन का खेल समाप्त होने तक उसने महज 3 ओवर में 8 रन पर 2 विकेट गंवा दिए। श्रीलंका अभी भारत से 495 रन पीछे है।
जुरेल का शानदार शतक-भारत की पारी के सबसे बड़े नायक विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल रहे। उन्होंने दबाव और बारिश के बीच धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 177 गेंदों पर नाबाद 115 रन बनाए। यह जुरेल के टेस्ट करियर का दूसरा शतक है। खास बात यह रही कि वह 99 रन पर लंबे समय तक टिके रहे और अंततः एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया।

जुरेल ने पहले ऋषभ पंत के साथ सातवें विकेट के लिए 112 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इसके बाद उन्होंने मैनव सुथार के साथ भी उपयोगी साझेदारी कर भारत को 500 रन के पार पहुंचाया।
पडिक्कल का भी लगातार दूसरा शतक-भारत की पहली पारी में देवदत्त पडिक्कल ने 117 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने इस सीरीज में लगातार दूसरा टेस्ट शतक लगाया है। पहले टेस्ट में भी पडिक्कल ने बड़ी शतकीय पारी खेली थी। कप्तान शुभमन गिल ने भी अर्धशतक लगाया, जबकि यशस्वी जायसवाल, रवींद्र जडेजा और मैनव सुथार ने उपयोगी योगदान दिया।
पंत की शानदार वापसी-पहले दिन कलाई पर गेंद लगने के बाद रिटायर्ड हर्ट हुए ऋषभ पंत दूसरे दिन दोबारा बल्लेबाजी के लिए उतरे। उन्होंने आक्रामक अंदाज में 63 रन बनाए और जुरेल के साथ भारत की पारी को मजबूत किया। पंत की इस पारी के दौरान उन्होंने ICC विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।
बारिश ने बिगाड़ा खेल-दूसरे दिन बारिश ने कई बार मुकाबले में व्यवधान डाला। भारत 475/8 के स्कोर पर था और जुरेल अपने शतक से सिर्फ पांच रन दूर थे, तभी तेज बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। बारिश के कारण दो घंटे से अधिक का खेल प्रभावित हुआ। खेल दोबारा शुरू होने के बाद जुरेल ने अपना शतक पूरा किया और भारत ने 503 रन पर पारी घोषित कर दी।
श्रीलंका के दो विकेट जल्दी गिरे-भारत की पारी घोषित होने के बाद श्रीलंका ने बल्लेबाजी शुरू की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत में ही मेजबान टीम को झटके दे दिए। प्रसिद्ध कृष्णा ने लाहिरू उदारा को 1 रन पर आउट किया, जबकि मानव सुथार ने नाइटवॉचमैन प्रभात जयसूर्या को 2 रन पर LBW कर दिया। खराब रोशनी के कारण दिन का खेल समाप्त होने तक श्रीलंका 8/2 पर पहुंच गया।
सीरीज जीतने की दहलीज पर भारत-भारत पहले टेस्ट में श्रीलंका को 165 रन से हरा चुका है और दो मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे है। ऐसे में कोलंबो टेस्ट में भारत के पास सीरीज 2-0 से जीतने का मौका है। श्रीलंका के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती भारत के विशाल स्कोर के दबाव से निकलकर पहली पारी को संभालना है।
मैच की ताजा स्थिति
भारत — 503/9 घोषित
श्रीलंका — 8/2 (3 ओवर)
श्रीलंका भारत से 495 रन पीछे
दूसरे दिन का खेल समाप्त
भारत सीरीज में 1-0 से आगे