राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने बप्पा रावल की प्रतिमा पर अर्पित की पुष्पांजलि, नई पीढ़ी को गौरवमय इतिहास से जोड़ने का आह्वान

उदयपुर/जयपुर, 23 अगस्त। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे रविवार को उदयपुर के कैलाशपुरी स्थित गांव मथाथा पहुंचे । उन्होंने वहां मेवाड़ के संस्थापक बप्पा रावल के घोड़े पर सवार भव्य प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी श्रद्धा निवेदित की। बाद में श्री बागडे ने वही निर्मित बप्पा रावल पैनोरमा में प्रदर्शित इतिहास से जुड़ी विभिन्न घटनाओं और उनके आलोक में निर्मित प्रतिमाओं का भी अवलोकन किया।

उन्होंने कहा कि बप्पा रावल मेवाड़ के संस्थापक ही नहीं थे बल्कि भारतीय इतिहास को गौरव प्रदान करने वाले महान योद्धा थे। उन्होंने बप्पा रावल से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों का स्मरण करते हुए कहा कि बप्पा रावल ने अरबों को भारत से खदेड़ा और उसके बाद 100 साल तक अरब भारत की ओर रुख नहीं कर सके थे। उन्होंने बप्पा रावल जैसे प्रतापी शासक के गौरवमय इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जाने पर जोर दिया।

एकलिंग जी महादेव मंदिर पहुंचे

राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे रविवार को मेवाड़ के प्रसिद्ध एकलिंग जी महादेव मंदिर पहुंचे। उन्होंने वहां विधिवत भगवान महादेव की पूजा अर्चना की और सभी के लिए मंगल की कामना की। राज्यपाल श्री बागडे ने रविवार प्रातः उदयपुर के कैलाशपुरी स्थित एकलिंग जी के प्राचीन शिव मंदिर में पहुंचकर एकलिंग जी महादेव को पुष्प अर्पित कर पूजा अर्चना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *