Skip to content
BREAKING

राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस- 2026 की तैयारियों को लेकर राज्य स्तरीय बैठक आयोजित

Updated:

डिजिटल युग में उपभोक्ता संरक्षण के लिए तकनीक का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर ,

राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस- 2026 की तैयारियों को लेकर राज्य स्तरीय बैठक आयोजित—
— सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान
  • डिजिटल युग में उपभोक्ता संरक्षण के लिए तकनीक का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर ,
  • उपभोक्ता अधिकारों , साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन खरीदारी में सतर्कता के प्रति आमजन को जागरूक किया जाएगा

जयपुर , 30 अक्टूबर। राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस , 24 दिसंबर 2026 के आयोजन की तैयारियों एवं इस अवसर पर राज्य तथा जिला स्तर पर विभिन्न उपभोक्ता जागरूकता गतिविधियों की रूपरेखा तैयार करने के संबंध में शुक्रवार को शासन सचिव , उपभोक्ता मामले विभाग श्री रोहित गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में भारत सरकार द्वारा निर्धारित इस वर्ष की थीम ‘ Technology Enabled Consumer Protection: Safe Products and Smart Governance’ के अनुरूप उपभोक्ता संरक्षण व्यवस्था को तकनीक के माध्यम से अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपभोक्ता मामले विभाग की निदेशक श्रीमती पूनम प्रसाद सागर सहित विभागीय अधिकारियों एवं विभिन्न स्वैच्छिक उपभोक्ता संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

शासन सचिव श्री रोहित गुप्ता ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऑनलाइन खरीदारी , डिजिटल भुगतान , ई-कॉमर्स , भ्रामक विज्ञापनों एवं साइबर धोखाधड़ी जैसी उभरती चुनौतियों के प्रति उपभोक्ताओं को जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों , शिकायत निवारण तंत्र , विधिक मापविज्ञान तथा राज्य उपभोक्ता हेल्पलाइन की सुविधाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जानी चाहिए।

बैठक में राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस की थीम के अनुरूप राज्य एवं जिला स्तरीय कार्यक्रमों को अधिकाधिक जनभागीदारीपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियों के आयोजन पर विचार-विमर्श किया गया। इनमें डिजिटल एवं सोशल मीडिया के माध्यम से उपभोक्ता जागरूकता , सुरक्षित उत्पादों एवं गुणवत्ता मानकों की जानकारी , साइबर सुरक्षा , ऑनलाइन लेन-देन में सावधानियां तथा ई-कॉमर्स में उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता संबंधी गतिविधियां शामिल करने के सुझाव प्राप्त हुए। युवाओं एवं विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में उपस्थित स्वैच्छिक उपभोक्ता संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए तथा उपभोक्ता जागरूकता के प्रसार में सक्रिय सहयोग देने की सहमति व्यक्त की।

बैठक में प्राप्त सुझावों के आधार पर 24 दिसंबर को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस समारोह की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने तथा तकनीक आधारित उपभोक्ता संरक्षण एवं सुरक्षित उत्पादों के प्रति जन-जागरूकता का व्यापक स्तर पर प्रसार करने के लिए समन्वित प्रयास करने पर बल दिया गया।

ब्रजेश

स्रोत: Times of Rajasthan

Source: Times of Rajasthan

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News