'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान के तहत 190 किलो अमानक खाद्य सामग्री नष्ट, 7 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी
बूंदी, 2 नवंबर। जिले में दीपावली त्यौहार पर मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए गए 'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान के तहत स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ.पी.सामर ने बताया कि जिले में कुल 66 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 190 किलोग्राम अमानक खाद्य सामग्री को नष्ट किया गया है।
उन्होंने बताया कि जिले में गठित तीन अलग-अलग टीमों ने कुल 66 स्थानों का सघन निरीक्षण किया और गुणवत्ता जांच के लिए 73 खाद्य सामग्रियों के सैंपल लिए। कार्रवाई के दौरान कुल 190 किलोग्राम संदिग्ध और मिलावटी खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया तथा 7 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए।