चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि मतदाता बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) हरफूल सिंह यादव ने मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र की मजबूती के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचें और अपना वोट डालें। मतदान केंद्रों पर पेयजल, छाया और दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर जैसी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
जिले की सात पंचायत समितियों में जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के लिए 14 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान के लिए 653 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। चतुर्थ चरण में बूंदी, हिण्डोली, नैनवां, लाखेरी, केशवरायपाटन, दबलाना व खटकड़ पंचायत समितियों के कुल 5,93,700 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 3,04,415 पुरुष तथा 2,89,284 महिला और एक थर्ड जेंडर मतदाता शामिल है। जिला प्रशासन द्वारा मतदान केन्द्रों पर दिव्यांग व बुजुर्गों को सुविधाजनक मतदान के लिए सुविधाएं मुहैया करवाई गई है।
पंचायतीराज आम चुनाव के अंतिम चरण में नैनवां पंचायत समिति में 66,762 पुरुष और 62,519 महिला मतदाता, हिंडोली पंचायत समिति में 46,229 पुरुष व 43,713 महिला, दबलाना में 45,131 पुरुष और 42,775 महिला, केशवरायपाटन में 39,532 पुरुष व 38,313 महिला, लाखेरी में 39,269 पुरुष व 36,739 महिला, बूंदी पंचायत समिति में 35,495 पुरुष, 34,755 महिला, एक थर्ड जेंडर मतदाता तथा खटकड़ पंचायत समिति में 31,997 पुरुष व 30,470 महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।