पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के तहत जिले की सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, चौथ का बरवाड़ा एवं वजीरपुर पंचायत समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए शनिवार 14 नवम्बर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। वहीं 16 नवम्बर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक चारों पंचायत समितियों की 117 ग्राम पंचायतों में 1219 पंच एवं 117 सरपंच पदों के लिए मतदान करवाया जाएगा। शुक्रवार को महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, साहूनगर से मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण पश्चात निर्वाचन सामग्री उपलब्ध करवाकर उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। आयोग की गाइडलाइन सफलता का आधार: - निर्वाचन पर्यवेक्षक ब्रजेश कुमार चांदोलिया ने कहा कि निष्पक्षता और राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना ही निर्वाचन प्रक्रिया का सबसे प्रभावी आधार है। उन्होंने मतदान कार्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना करते हुए सजगता एवं निष्पक्षता से मतदान सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मतपेटी एवं ईवीएम पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस की मोबाइल टीम से तत्काल सम्पर्क करने को कहा। मतदान दलों को निष्पक्ष और टीम भावना से कार्य करने के निर्देश:- जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने मतदान दलों को टीम भावना से कार्य करने, मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने तथा मॉक पोल, मतदान एवं मतदान समाप्ति की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्र एवं उसके 100 मीटर के दायरे में आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने तथा मतदान के दौरान पूरी सतर्कता बरतने की हिदायत दी। उन्होंने मतदान के शुरुआती और अंतिम घंटों में सतर्कता बरतने तथा किसी भी परिस्थिति में मतदान केंद्र नहीं छोड़ने की हिदायत दी। मतदान दलों ने प्रशिक्षण के पश्चात चारों पंचायत समिति क्षेत्रों के लिए अलग-अलग निर्धारित काउंटरों से ईवीएम मशीन एवं अन्य निर्वाचन सामग्री प्राप्त की। सामग्री का मिलान करने के बाद दलों को आवंटित वाहनों से संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। जिला प्रशासन ने मतदान दलों की रवानगी, परिवहन एवं निर्वाचन सामग्री वितरण की आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की। 456 मतदान केंद्रों पर 3.93 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान:- चतुर्थ चरण में जिले की चार पंचायत समितियों के कुल 456 मतदान केंद्रों पर 3 लाख 93 हजार 424 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर करेंगे। इनमें पंचायत समिति सवाई माधोपुर के 143 मतदान केंद्रों पर 1 लाख 17 हजार 964, चौथ का बरवाड़ा के 123 मतदान केंद्रों पर 1 लाख 1 हजार 667, गंगापुर सिटी के 115 मतदान केंद्रों पर 1 लाख 86 तथा वजीरपुर के 75 मतदान केंद्रों पर 73 हजार 707 मतदाता पंजीकृत हैं। इस चरण में जिला परिषद के 15 वार्डों तथा चारों पंचायत समितियों के 78 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान होगा। पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए कुल 293 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें सवाई माधोपुर के 23 वार्डों में 82, चौथ का बरवाड़ा के 21 वार्डों में 61, गंगापुर सिटी के 19 वार्डों में 63 तथा वजीरपुर के 15 वार्डों में 87 प्रत्याशी शामिल हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने सभी मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने तथा लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाने की अपील की। ---000---

स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला सवाई माधोपुर) · 13 नवम्बर 2026, 04:48 PM — मूल विज्ञप्ति