Skip to content
हिन्दी
BREAKING

निष्पक्षता और पारदर्शिता से कराएं मतदान-असावा चतुर्थ चरण के लिए मतदान दलों ने किया प्रस्थान चार पंचायत समितियों के 468 बूथों पर आज होगी वोटिंग

Updated:

बारां, 13 नवंबर। पंचायती राज चुनाव के तहत जिले की अटरू, छीपाबड़ौैद, छबड़ा व बारां पंचायत समितियों में चतुर्थ चरण में होने वाले चुनाव के लिए मतदान दलों को मांगरोल रोड स्थित राजकीय कृषि महाविद्यालय में अंतिम प्रशिक्षण के पश्चात शुक्रवार को जिला मुख्यालय से गंतव्य मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया। इन निर्वाचन क्षेत्रों में जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के लिए शनिवार को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक 468 मतदान केन्द्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान होगा। पंच-सरपंच के लिए मतदान 16 नवंबर को कराएं जाएंगे

निष्पक्षता और पारदर्शिता से कराएं मतदान-असावा चतुर्थ चरण के लिए मतदान दलों ने किया प्रस्थान चार पंचायत समितियों के 468 बूथों पर आज होगी वोटिंग

बारां, 13 नवंबर। पंचायती राज चुनाव के तहत जिले की अटरू, छीपाबड़ौैद, छबड़ा व बारां पंचायत समितियों में चतुर्थ चरण में होने वाले चुनाव के लिए मतदान दलों को मांगरोल रोड स्थित राजकीय कृषि महाविद्यालय में अंतिम प्रशिक्षण के पश्चात शुक्रवार को जिला मुख्यालय से गंतव्य मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया। इन निर्वाचन क्षेत्रों में जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के लिए शनिवार को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक 468 मतदान केन्द्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान होगा। पंच-सरपंच के लिए मतदान 16 नवंबर को कराएं जाएंगे।

423374 मतदाता कर सकेंगे मतदान

चारों पंचायत समितियों के चुनाव में कुल 423374 मतदाता मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। इनमें 217736 पुरूष व 205638 महिला मतदाता हैं। इनमें अटरू में 53143 पुरूष, 50386 महिला, छीपाबड़ौद में 72850 पुरूष, 69407 महिला, छबड़ा में 50888 पुरूष, 47052 महिला, बारां में 40855 पुरूष, 38793 महिला मतदाता हैं। अटरू में 103529, छीपाबड़ौद में 142257, छबड़ा में 97940, बारां में 79648 कुल मतदाता हैं।

133 ग्राम पंचायतों में होंगे चुनाव

चतुर्थ चरण के चुनाव में कुल 133 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। इनमें जिला परिषद के 16, पंचायत समितियों के 78 तथा ग्राम पंचायत के 1281 वार्डों के लिए 468 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। पंचायत समिति अटरू में 34, छीपाबड़ौद 38, छबड़ा में 35, बारां में 26 ग्राम पंचायतें हैं। जिला परिषद सदस्य व पंचायत समिति सदस्य केे लिए ईवीएम तथा पंच-सरपंच के लिए मतपत्र के माध्यम से मतदान होगा।

सभी मतदान केन्द्रों पर शनिवार सुबह मतदान से पूर्व पोलिंग एजेन्टों की मौजूदगी में ईवीएम से मॉक पोल का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके पश्चात मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। मतदाता अपना मान्य फोटोयुक्त पहचान पत्र दिखाकर निर्धारित मतदान केन्द्र पर मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। सभी मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल के कड़े प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। साथ ही संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाप्ते की तैनाती रहेगी। एरिया मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट व गश्तीदल लगातार फील्ड में भ्रमण करते हुए कानून व्यवस्था पर निगरानी रखेंगे। मतदान केन्द्र की 200 मीटर की परिधि में राजनीतिक गतिविधियां निषिद्ध रहेंगी। मतदान समाप्ति के पश्चात मतदान दल ईवीएम व निर्वाचन सामग्री संग्रहण केन्द्र पर जमा कराएंगे। पंचायत चुनाव में शत प्रतिशत मतदान के उद्देश्य से निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक व संवैतनिक अवकाश घोषित किया गया है। साथ ही शांतिपूर्ण मतदान के लिए सूखा दिवस भी घोषित किया गया है।

जिला कलक्टर ने दिए निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव के निर्देश

मतदान दलों की रवानगी से पूर्व जिला निर्वाचन अधिकारी व कलक्टर बालमुकुंद असावा ने मांगरोल रोड स्थित राजकीय कृषि महाविद्यालय में आयोजित अंतिम प्रशिक्षण में मतदान दलों के अधिकारियों को संबोधित करते हुए निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मतदान कार्मिक कर्तव्य निष्ठा और कुशलता के साथ मतदान प्रक्रिया पूर्ण कराएं। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप कार्य करें। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र पर पहुंचते ही सभी मतदान दल अधिकारी अपनी आवश्यक तैयारियों को पूर्ण कर लें। मतदान केन्द्र से परिधि सीमा का निर्धारण, मोक पोल, प्रपत्र संधारण करते हुए आपसी समन्वय के साथ चुनाव प्रक्रिया को सम्पन्न करवाएं। मतदान में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर अविलंब सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। इस दौरान चुनाव पर्यवेक्षक अनुराग भार्गव, जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। संचालन व्याख्याता सुनील शर्मा ने किया।

महाविद्यालय में दो चरणों में आयोजित प्रशिक्षण में सुबह 9 बजे छबड़ा, छीपाबड़ौद व 11.30 बजे बारां व अटरू के मतदान दलों को प्रशिक्षण दिया गया। जहां उन्हें ईवीएम और मतपेटी सहित अन्य मतदान सामग्री उपलब्ध करवाई गई। प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचने के लिए मतदान दल कार्मिकों को प्रशासन की ओर से चारमूर्ति चौराहा से निशुल्क बस सेवा उपलब्ध करवाई गई। प्रशिक्षण के पश्चात सभी मतदान दल आवंटित वाहन से चैक पोस्ट पर एंट्री करवाते हुए उत्साह के साथ अपने निर्धारित मतदान केन्द्र के लिए रवाना हुए।

जिला कलक्टर असावा ने की मतदान की अपील

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर बालमुकुंद असावा ने शनिवार को होने वाले आम चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान की अपील करते हुए कहा कि जिले में शांतिपूर्ण चुनाव के साथ औसत से अधिक मतदान की परंपरा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वीप कार्यक्रमों के माध्यम से आम मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया गया है। सभी मतदाताओं को लोकतंत्र के हित में बढ़-चढ़ कर मतदान में भाग लेना चाहिए। मतदान एक महत्वपूर्ण नागरिक कर्तव्य होने के साथ हमारे लोकतंत्र की मजबूती का आधार भी है।

चुनाव पर्यवेक्षक ने लिया जायजा

जिले में पारदर्शी व शांतिपूर्ण चुनाव के पर्यवेक्षण के लिए नियुक्त ऑब्जर्वर अनुराग भार्गव मतदान दलों के अंतिम प्रशिक्षण तथा मतदान दलों की रवानगी के दौरान वहां मौजूद रहे तथा उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहेंगे

जिला पुुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि पंचायतीराज चुनाव-2026 के तहत शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। साथ ही मध्यप्रदेश से सटी जिले की सीमा पर सघन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरूद्ध पुलिस सख्ती बरतेगी।

मतदान केंद्रों पर विशेष व्यवस्थाएं

प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की सुविधा के लिए वालंटियर लगाए जाएंगे। दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर व सहायक की व्यवस्था की गई है। महिलाओं की सहायता के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा सहयोगिनियों की ड्यूटी लगाई गई है।

मान्य फोटो पहचान पत्र से कर सकेंगे मतदान

मतदाताओं को मतदान से पूर्व पहचान के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। कोई मतदाता यह प्रस्तुत करने में असमर्थ रहता है तो राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमोदित 11 वैकल्पिक फोटो दस्तावेजों में से कोई एक मूल दस्तावेज प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। इनमें आधार कार्ड, वीबीजी रामजी/मनरेगा कार्ड, डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के अन्तर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड/आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केन्द्र/राज्य सरकार/लोक उपक्रम/पब्लिक लिमिटेड कम्पनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किए गए फोटो पहचान पत्र, सांसदों एवं विधानसभा सदस्यों को जारी सरकारी पहचान पत्र और यूनिक डिसएबिलिटी आईडी कार्ड शामिल है।

मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण 16 को

पंचायतीराज चुनाव के तहत मतगणना के लिए नियुक्त कार्मिकों का प्रशिक्षण 16 नवंबर को प्रातः 10 बजे से सिटी टाउन हॉल में होगा।

स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला बारां) · 13 नवम्बर 2026, 04:44 PM — मूल विज्ञप्ति

Source: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News

जिला कलक्टर की अध्यक्षता में जल वितरण समितियों की बैठक आयोजित रबी फसल 2026-27 के लिए पांच बांधों से सिंचाई जल वितरण का समय निर्धारित नहरों की सफाई एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत

जिला कलक्टर की अध्यक्षता में जल वितरण समितियों की बैठक आयोजित रबी फसल 2026-27 के लिए पांच बांधों से सिंचाई जल वितरण का समय निर्धारित नहरों की सफाई एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत समय पर पूरी करने के निर्देश

Rajasthan

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में राजस्थान की ऐतिहासिक उपलब्धि 51.6 गीगावाट अक्षय ऊर्जा और 45 गीगावाट सौर ऊर्जा क्षमता स्थापित, देश में अग्रणी बना राजस्थान पीएम-कुसुम योजना से किसान बन रहे 'ऊर्जादाता', खेती के साथ सौर ऊर्जा उत्पादन से बढ़ रहे आय के नए अवसर किसान

Rajasthan

राजस्थान संपर्क 181 की समीक्षा में वाणिज्यिक कर आयुक्त ने वीडियो कॉल पर परिवादियों की समस्याएं सुनीं -संबंधित अधिकारियों को परिवादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश -विभाग के करीब 92 प्रतिशत परिवाद निस्तारित

Rajasthan