बूंदी जिले में पंचायती राज आम चुनाव-2026 के दौरान मतदान प्रक्रिया को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के लिए 10 ग्राम पंचायतों में 'मॉडल स्वच्छ बूथ' स्थापित किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी हरफूल सिंह यादव के निर्देशन में तैयार इन बूथों पर मतदाताओं को बेहतर सुविधाओं के साथ सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त रखने का संदेश मिलेगा।
स्वच्छ भारत मिशन के जिला परियोजना समन्वयक निजामुद्दीन के अनुसार, जिले की 10 ग्राम पंचायतों में ये विशेष बूथ बनाए गए हैं। इनमें बूंदी पंचायत समिति के गुढानाथावतान और नमाना, खटकड के खटकड व माटूंदा, हिण्डोली का सथूर, नैनवां के बांसी व करवर, केशोरायपाटन के सुमेरगंज मंडी और लेरसदा शामिल हैं।
कचरे से कलाकृतियां और पारंपरिक सजावट
इन मॉडल स्वच्छ बूथों के मुख्य द्वार पर 'स्वच्छ एंट्री गेट' बनाया गया है, जिससे गुजरने वाले मतदाताओं को 'स्वच्छ जागरूकता मार्ग' देखने को मिलेगा। बूथों को प्राकृतिक पौधों और गमलों से सजाकर 'हरित बूथ' का रूप दिया गया है। इसके अलावा स्थानीय संस्कृति को दर्शाने के लिए स्वच्छ रंगोली, पारंपरिक मांडणे और 'वेस्ट टू आर्ट' के तहत अनुपयोगी वस्तुओं से बनी कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं।
