जयपुर, 26 अक्टूबर। राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा तथा कृषि आदानों की गुणवत्ता, उचित मूल्य एवं पारदर्शी वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता से काम कर रही है। प्रदेश में उर्वरकों की कालाबाजारी, अधिक मूल्य वसूली, जबरन टैगिंग तथा अन्य अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग द्वारा व्यापक निरीक्षण एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
कृषि विभाग ने निरीक्षण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने के लिए एक विशेष मोबाइल ऐप भी विकसित किया है। इस ऐप के माध्यम से अब तक प्रदेश में 9,000 से अधिक कृषि आदान विक्रेताओं के निरीक्षण किए जा चुके हैं तथा विभिन्न अनियमितताओं के मामलों में 250 से अधिक विक्रेताओं के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई राज्य सरकार की किसानों के हितों के प्रति संवेदनशीलता तथा कृषि आदान वितरण व्यवस्था में अनियमितताओं के प्रति सख्त रुख को दर्शाती है।