Skip to content
हिन्दी
BREAKING

IAS शिखर अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली राहत, याचिका खारिज

Updated:

नई दिल्ली/जयपुर। राजस्थान के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। भ्रष्टाचार के आरोपों से जुड़े मामले में जांच पर रोक लगाने और राहत की मांग को…

IAS शिखर अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली राहत, याचिका खारिज
Shikhar agarwal IAS

नई दिल्ली/जयपुर। राजस्थान के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। भ्रष्टाचार के आरोपों से जुड़े मामले में जांच पर रोक लगाने और राहत की मांग को लेकर दाखिल उनकी याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। शीर्ष अदालत ने याचिका खारिज करते हुए राजस्थान हाईकोर्ट को मामले की सुनवाई बिना अनावश्यक स्थगन के जल्द पूरी करने और शीघ्र निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं।

28 नवंबर 2026 को जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहन की पीठ ने यह आदेश दिया। सुप्रीम कोर्ट के इस रुख के बाद अब मामले की आगे की सुनवाई राजस्थान हाईकोर्ट में होगी।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, शिखर अग्रवाल के खिलाफ राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जांच चल रही है। आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए निजी कंपनी गोयल फैशन्स प्राइवेट लिमिटेड को अनुचित लाभ पहुंचाया और इसके बदले उनके परिवार के सदस्यों ने कंपनी के अनंत रिसॉर्ट्स में बेहद कम कीमत पर विला और कॉटेज खरीदे।

ACB की एफआईआर के अनुसार, अक्टूबर 2023 से अक्टूबर 2026 के बीच अग्रवाल और उनके परिवार के सदस्यों ने उदयपुर, अलवर और जयपुर स्थित अनंत रिसॉर्ट्स में कुल 64 विला खरीदे। जांच एजेंसी का आरोप है कि इन संपत्तियों की कीमत बाजार मूल्य से काफी कम रखी गई थी।

आरोपों में यह भी शामिल है कि अग्रवाल के विभिन्न पदों पर रहते हुए कंपनी को रिसॉर्ट निर्माण में नियमों में छूट, जरूरी प्रमाणपत्रों के सत्यापन के बिना मंजूरियां और राजस्थान इन्वेस्टमेंट प्रमोशन स्कीम के तहत विशेष वित्तीय पैकेज जैसे लाभ मिले। हालांकि, ये सभी आरोप हैं और इनकी जांच जारी है।

हाईकोर्ट में भी नहीं मिली थी तत्काल राहत

इससे पहले शिखर अग्रवाल ने राजस्थान हाईकोर्ट में याचिका दायर कर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की जांच के लिए राज्य सरकार की ओर से दी गई मंजूरी को चुनौती दी थी।

अग्रवाल की ओर से दलील दी गई कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 17-ए के तहत जांच की अनुमति जल्दबाजी में दी गई और इस प्रक्रिया में उनका पक्ष नहीं सुना गया। उन्होंने मंजूरी की वैधानिकता पर भी सवाल उठाए थे।

19 नवंबर को जस्टिस अनिल कुमार उपमन की पीठ ने तत्काल अंतरिम राहत देने के बजाय राज्य सरकार को जवाब दाखिल करने के लिए तीन सप्ताह का समय दिया था। मामले की अगली सुनवाई 18 दिसंबर निर्धारित की गई थी।

सरकार ने पहले ही लिया था एक्शन

मामले में आरोप सामने आने के बाद राजस्थान सरकार ने 28 अक्टूबर को शिखर अग्रवाल को एपीओ (Awaiting Posting Order) कर दिया था। इसके बाद 30 अक्टूबर को सरकार ने उनके खिलाफ ACB जांच को मंजूरी दी।

वहीं, उनकी पत्नी आईपीएस अधिकारी प्रशाखा माथुर को भी 31 अक्टूबर को एपीओ किया गया था। दोनों अधिकारियों को उनकी संपत्तियों को लेकर कार्मिक विभाग की ओर से नोटिस भी जारी किए गए थे।

अब आगे क्या होगा?

सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश के बाद अब इस मामले में राजस्थान हाईकोर्ट की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। शीर्ष अदालत ने सभी पक्षों को हाईकोर्ट में अपने मुद्दे और दलीलें रखने की स्वतंत्रता दी है तथा मामले को जल्द सुनने को कहा है।

इस घटनाक्रम से साफ है कि शिखर अग्रवाल को फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से जांच पर रोक या अन्य अंतरिम राहत नहीं मिली है। अब सबकी निगाहें 18 दिसंबर को होने वाली राजस्थान हाईकोर्ट की सुनवाई पर रहेंगी।

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News