
दीपावली के अवसर पर स्नेह-मिलन और शुभकामनाओं के आदान-प्रदान के लिए जिला कलक्टर काना राम ने मंगलवार को स्थानीय पत्रकारों के साथ अनौपचारिक मुलाकात की। उन्होंने जिला कलक्टर कार्यालय में विभिन्न मीडिया संस्थानों के जिला स्तरीय प्रतिनिधियों को त्यौहार के अवसर पर शुभकामनाएं देने के साथ-साथ पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव और सामान्य प्रशासनिक गतिविधियों के विषय में संवाद किया।
कलक्टर ने जिला मुख्यालय में बेहतर सामुदायिक और नागरिक सुविधाओं के बारे में जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं के बारे में पत्रकारों से विमर्श किया और उनका फीडबैक भी प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि जिले में आम लोगों और पर्यटकों सहित विभिन्न वर्गो और समुदायों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में जिला प्रशासन को स्थानीय मीडिया से सुझाव और सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने कहा कि सवाई माधोपुर शहर और सम्पूर्ण जिले में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के लिए किसी भी नागरिक की ओर से सुझावों का हमेशा स्वागत है।
