बीकानेर, 6 सितंबर। नगर निकाय चुनाव के प्रचार के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को बीकानेर में भव्य रोड शो कर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसमर्थन जुटाया। रोड शो के दौरान शहर की सड़कों पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आमजन नजर आए। जगह-जगह मुख्यमंत्री का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री एक गाड़ी में सवार होकर पुष्करणा स्टेडियम क्षेत्र से शुरू होकर गोकुल सर्किल, नत्थूसर गेट, बारह गुवाड़,होते हुए मोहता चौक पहुंचे । यहां हनुमान मंदिर के दर्शन कर एक खुली जीप में सवार होकर निकले । मुख्यमंत्री का काफिला तेलीवाड़ा, कोटगेट, केईएम रोड और सादुल सर्किल होते हुए जूनागढ़ क्षेत्र में पहुंचा। रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और कई स्थानों पर मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए लोग सड़कों के दोनों ओर मौजूद रहे।

रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि उनका लक्ष्य बीकानेर के साथ-साथ पूरे राजस्थान का विकास करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा अब ‘ट्रिपल इंजन’ की सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश के युवाओं का भाजपा सरकार पर भरोसा है और पार्टी पहली बार निकाय चुनाव में विजन डॉक्यूमेंट के साथ जनता के बीच पहुंची है।
