बीकानेर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को बीकानेर में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर कार्यालय से आयोजित इस एकता दौड़ को केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान युवाओं, खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं शहरवासियों ने उत्साह के साथ भागीदारी निभाई।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया।

रन फॉर यूनिटी के माध्यम से आमजन को देश की एकता, अखंडता और भाईचारे के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।