राजस्थान सरकार सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय, श्रीगंगानगर औद्योगिक क्षेत्र एग्रो फूड पार्क रीको में सिविल डिफेंस की मॉक ड्रिल -आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने, अग्नि दुर्घटनाओं में त्वरित बचाव एवं राहत कार्यों का किया अभ्यास श्रीगंगानगर, 25 नवंबर। औद्योगिक क्षेत्रों में संभावित आपातकालीन परिस्थितियों एवं आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने तथा विभिन्न विभागों की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से बुधवार शाम को औद्योगिक क्षेत्र एग्रो फूड पार्क रीको श्रीगंगानगर स्थित शुगर मिल गोदाम में सिविल डिफेंस की ओर से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान अग्नि दुर्घटना जैसी आपातकालीन स्थिति उत्पन्न होने पर त्वरित बचाव, राहत एवं आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाने की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अभ्यास किया गया।  मॉक ड्रिल के माध्यम से यह परखा गया कि किसी औद्योगिक प्रतिष्ठान में आग लगने अथवा अन्य आकस्मिक दुर्घटना होने की स्थिति में संबंधित विभाग कितनी तत्परता से घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करते हैं। इस दौरान विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय, सूचना तंत्र, उपलब्ध संसाधनों के उपयोग तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया की प्रक्रिया का भी परीक्षण किया गया।  अभ्यास के दौरान मौके पर दो फायर ब्रिगेड, एक एम्बुलेंस सहित आवश्यक बचाव एवं राहत संसाधनों को तैनात रखा गया। अग्नि दुर्घटना की स्थिति में आग पर नियंत्रण पाने, प्रभावित क्षेत्र में बचाव कार्य संचालित करने तथा जरूरतमंदों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाने से संबंधित प्रक्रियाओं का अभ्यास किया गया। संबंधित टीमों ने निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए आपातकालीन प्रबंधन की तैयारियों का प्रदर्शन किया।  जिला प्रशासन के अनुसार मॉक ड्रिल के माध्यम से औद्योगिक क्षेत्र में किसी भी संभावित दुर्घटना अथवा आपदा की स्थिति में प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, चिकित्सा एवं सिविल डिफेंस सहित संबंधित विभागों की तत्परता और कार्यक्षमता का आकलन करना रहा। इसके साथ ही उपलब्ध संसाधनों की पर्याप्तता, आपातकालीन सूचना तंत्र, त्वरित प्रतिक्रिया तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल की व्यवस्था को परखना भी अभ्यास का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।  इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव एवं पुलिस अधीक्षक श्री हरिशंकर, अतिरिक्त अतिरिक्त जिला कलक्टर (सतर्कता) श्री अश्विन के. पवार, गंगानगर उपखंड अधिकारी श्री नयन गौतम, तहसीलदार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय सिंगला, नगर परिषद आयुक्त श्री मिलखराज चुघ तथा रीको से श्री सज्जन सिंह एवं श्री निर्मल जैन के नेतृत्व में सिविल डिफेंस की टीम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सिविल डिफेंस की टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए मॉक ड्रिल की गतिविधियों को अंजाम दिया। (फोटो सहित) ---------

स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला गंगानगर) · 25 नवम्बर 2026, 08:09 PM — मूल विज्ञप्ति