बीकानेर, 27 अक्टूबर। राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह ने कहा कि पंचायती राज आम चुनावः 2026 के शेष तीनों चरणों में भी प्रत्येक मतदाता भयमुक्त और निष्पक्ष होकर अपने मताधिकार का उपयोग कर सके, इसके लिए निर्वाचन प्रक्रिया में नियुक्त सभी अधिकारी-कर्मचारी पूर्ण गंभीरता से कार्य करें।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मंगलवार को जिला कलक्टर कार्यालय में आयोजित बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के प्रत्येक दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए। मतदान केन्द्रों पर सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें। प्रत्येक केन्द्र पर सुरक्षा का पर्याप्त जाब्ता हो। मतदाताओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने दूसरे चरण के मतदान के लिए मंगलवार को रवाना हुए मतदान दलों के गंतव्य स्थलों पर पहुंचने की समीक्षा की और कहा कि मतदान दलों के रुकने सहित सभी व्यवस्थाएं प्रभावी रहें।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि मतदान केन्द्रों के अंदर और बाहर प्रकाश की समुचित व्यवस्था हो। जनरेटर भी उपलब्ध रहें। केन्द्रों के आस-पास किसी प्रकार की निर्माण सामग्री नहीं रहे। उन्होंने मतदान दलों के प्रशिक्षण के बारे में जानकारी ली और कहा कि मतदान में नियुक्त कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी समूची जानकारी दी जाए। मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और कहा कि संवेनदशील मतदान केन्द्रों पर अतिरिक्त जाब्ता रहे।
