जैसलमेर जिले में इस बार दीपावली के त्योहारी सीजन के दौरान बाजारों में लेन‑देन का तरीका बदलता नजर आया है। मिठाई की दुकानों से लेकर कपड़ों के शोरूम और सजावटी सामान के काउंटरों पर ग्राहकों ने नकदी के बजाय मोबाइल फोन के जरिए भुगतान करना चुना।
सरहदी जिले के बाजारों में यूपीआई के बढ़ते उपयोग से न केवल ग्राहकों की सुविधा बढ़ी है, बल्कि छोटे कारोबारियों के दैनिक व्यापार और भुगतान प्रबंधन में भी बदलाव आया है। त्योहार के वक्त एक ही ग्राहक कई जगहों पर खरीदारी करता है; ऐसे में मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर भुगतान करने से खुले पैसे की समस्या से राहत मिली है।
छोटे व्यापारियों को मिल रहा फायदा
डिजिटल भुगतान का असर अब केवल बड़े प्रतिष्ठानों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि छोटे स्थानीय कारोबारियों की दुकानों तक भी पहुंच चुका है। दुकानदारों के लिए सबसे बड़ा लाभ डिजिटल रिकॉर्ड मिलना है, जिससे बार‑बार हिसाब‑मिलाना कम हो गया और ग्राहकों को त्वरित भुगतान पुष्टि मिलती है।
