जयपुर। राजस्थान सरकार प्रदेश में विदेशी निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की कंपनियों को राजस्थान के पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी और ऊर्जा क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया है। जयपुर में आयोजित UAE-राजस्थान टूरिज्म एंड इन्वेस्टमेंट राउंड टेबल बैठक में दोनों पक्षों ने पर्यटन, होटल और विरासत स्थलों के विकास में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।
राजस्थान की पर्यटन क्षमता को निवेश से जोड़ने की कोशिश
मुख्यमंत्री ने UAE के निवेशकों के सामने राजस्थान की पर्यटन क्षमता को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐतिहासिक किले, महल, हवेलियां, रेगिस्तान, वन्यजीव अभयारण्य और समृद्ध कला-संस्कृति मौजूद है। इसके अलावा रत्न एवं आभूषण, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल और खनिज क्षेत्र भी निवेश के लिए महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध कराते हैं।
